- महराजगंज, 02 दिसंबर 2025, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत साधन सहकारी समिति चीउरहा पर धान खरीद और उर्वरक बिक्री का स्थलीय निरीक्षण किया।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने समिति पर उर्वरक बिक्री का जायजा लिया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर को देखा और उर्वरक की कुल बिक्री और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। प्रभारी द्वारा अवगत कराया गया कि अबतक कुल 1404 बोरी यूरिया की बिक्री किया है, जबकि 656 बोरी यूरिया स्टॉक में मौजूद है। इसी प्रकार 2133 बोरी डीएपी का वितरण अबतक हुआ और 17 बोरी डीएपी स्टॉक में उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी कराया। उन्होंने उर्वरक लेने आए किसान अदालत और रामप्रताप से संवाद किया और पूछा कि उर्वरक मिलने में कोई असुविधा तो नहीं। दोनों किसानों ने उर्वरक वितरण पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने उनसे फॉर्मर रजिस्ट्री और समिति के सदस्यता कार्ड की भी जानकारी ली। दोनों कृषकों ने बताया कि उनके पास दोनों दस्तावेज उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने अन्य किसानों से भी फॉर्मर आईडी बनवाने और अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
समिति पर स्थापित केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लि. के निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि केंद्र पर अब तक 75 किसानों से 1634.6 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि लक्ष्य 20 हजार कुंतल है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि किसानों को शत–प्रतिशत भुगतान भी किया जा चुका है। निरीक्षण के समय किसान शिवम पटेल के धान की तौल चल रही थी। जिलाधिकारी ने मौके पर ही धान में नमी की भी जांच कराया। धान में 14.6% नमी पाई गई। प्रभारी ने बताया कि अनुमन्य नमी 17% तक है।
जिलाधिकारी ने धान के प्रेषण की जानकारी ली, पीसीयू के जिला प्रबंधक ने बताया कि फोर्टीफाइड चावल उपलब्ध न होने के कारण मिलर्स द्वारा अग्रिम लॉट प्रेषित नहीं हुआ है। जिसके कारण केंद्र से भी धान का प्रेषण नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक को मिलर्स से समन्वय कर अग्रिम लॉट भिजवाने का निर्देश दिया, ताकि केंद्र से धान का प्रेषण किया जा सके। उन्होंने केंद्र प्रभारी से बोरों की उपलब्धता के बारे में पूछा, जिस पर बताया गया कि मिलर द्वारा खरीद के लिए उपयोगी बोरों की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्रों पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों का नाम व फोन नंबर स्पष्ट अंकित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धान खरीद को बढ़ाया जाए और सीमांत किसानों से अधिक से अधिक धान खरीदा जाए। जिलाधिकारी ने धान की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा क्रय नीति में वर्णित निर्देशों का हर हाल में पालन करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्रय केंद्र पर किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से गुणवत्तायुक्त धान की खरीद सुनिश्चित करने तथा धान कुटाई की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही, पूर्व के वर्षों में धान बेचने वाले किसानों से संपर्क करने का भी सुझाव दिया, ताकि खरीद को गति दी जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और जिला प्रबंधक पीसीयू मौके पर उपस्थित रहे।





















