महराजगंज, 01 दिसंबर 2025, जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने आज तहसील नौतनवा के ग्राम बनरसिया कला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक पंचायत भवन में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा की जा रही गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी ली। पंचायत भवन में स्थापित बूथ संख्या 238 में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य संचालित पाया गया। बीएलओ विंद्रावती देवी ने बताया कि बूथ संख्य पर कुल मतदाता 561 हैं, जिनमें सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए जा चुके थे। जबकि 456 प्राप्त गणना प्रपत्रों में 415 फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जो मतदाता नहीं मिल रहे हैं, न्यूनतम 03 बार उनको तीन बार अनिवार्य रूप से बुलावा भेजें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं से संपर्क कर वितरित फॉर्म को जमा कराएं और डिजिटाइजेशन कार्य समानांतर रूप से करें, ताकि एसआईआर के प्रथम चरण का कार्य समयसीमा में पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रपत्रों के साथ संलग्न की जाने वाली तस्वीरें स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली हों। आवश्यकता पड़ने पर बीएलओ अपने मोबाइल से मतदाता की फोटो लेकर उसे संलग्न करें।
उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि एसआईआर का प्रमुख उद्देश्य शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, क्योंकि सही मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मौजूद मतदाताओं से संवाद करते हुए एसआईआर में सहयोग करने का अनुरोध किया और बताया कि सभी के प्रयास से हम एक शुद्ध और सटीक निर्वाचक नामावली तैयार करने में सफल होंगे।
इससे पूर्व उन्होंने परिसर में ही संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य और हेल्थ कैंप का भी अवलोकन किया। हेल्थ कैंप में निरीक्षण के समय तक कुल 37 मरीजों की जांच की गई थी और 14 का आयुष्मान कार्ड बनाया गया था। पंचायत सहायक ने बताया कि गांवों में कुल चिन्हित 275 लाभार्थियों में 257 का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यदि किसी को कोई समस्या है तो निःसंकोच बताएं प्रशासन आपकी पूरी मदद करेगा। ग्रामीण आशिक अली द्वारा ट्राइसाइकिल की मांग की गई। जिलाधिकारी ने आवश्यक प्रपत्रों के साथ ग्रामीण का आवेदन कराने हेतु पंचायत सहायक को निर्देशित किया।
उन्होंने ग्रामीणों से एसआईआर फॉर्म को जल्द से जल्द भरकर जमा करने का निर्देश दिया। कहा कि ऐसा न करने पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित हो जाएंगे, जो लोकतंत्र में हमारा सबसे प्रमुख अधिकार है। इससे हम सरकार बनाते हैं।
उन्होंने फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया और कहा कि आगामी समय में कृषि संबंधी समस्त योजनाएं फॉर्मर आईडी के आधार पर ही मिलेंगी। इसलिए अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं।
उन्होंने हेल्थ कैंप के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि सभी गांवों में निःशुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन हो रहा है और आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड से 05 लाख तक का कैशलेश इलाज लाभार्थी को मिलेगा। इसीलिए जो लोग भी पात्र हैं और आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं, अपना कार्ड अवश्य बनवाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीडीओ लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





















