आज मिशन शक्ति के तहत जनपद के विभिन्न महिला विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता सहित सुरक्षा सम्बन्धी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से यह बताया गया कि प्रत्येक युवती को स्वयं की सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भर बनना चाहिए। आत्मरक्षा से आत्मविश्वास बढ़ता है और यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए कुछ बेसिक स्टेप्स भी बताए गए l
द्वितीय सत्र में वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) के विषय में बताते हुए एलडीएम महराजगंज द्वारा छात्राओं को वित्तीय साक्षरता की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बैंकिंग की बुनियादी सेवाएँ, खाता संचालन, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा, बचत की आदत तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की आवश्यकता पर विस्तार से बताया गया।
साइबर सुरक्षा जागरूकता (Cyber Safety Awareness) को लेकर साइबर क्राइम टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय बताए। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक व कॉल से सतर्क रहने और साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत करने की प्रक्रिया को लेकर छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया कि सावधानी ही सुरक्षा है।
तृतीय सत्र में मिशन शक्ति एवं नारी सशक्तिकरण पर सीडीओ एवं एसडीएम महोदय ने छात्राओं को मिशन शक्ति से संबंधित प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कहा कि यह अभियान समाज में महिलाओं के अधिकार, समानता एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार का सशक्त कदम है। नवरात्रि में हम सब देवी के नौ रूपों की पूजा करते हैं। इसीलिए सरकार द्वारा नारी शक्ति के विविध रूपों के प्रति सम्मान व्यक्त करने हेतु मिशन शक्ति को संचालित किया जा रहा है। इस दौरान महिला सुरक्षा को लेकर महिलाओं को जागरूक करने के साथ आमलोगों को भी समाज में नारी के योगदान और उसके सम्मान हेतु जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मिशन शक्ति को लेकर उक्त कार्यक्रम को आनंदनगर व नौतनवां में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चौक बाजार सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया गया।