आज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जिला खाद्य विपणन कार्यालय में किए गए गए नवीकरण कार्यों का उद्घाटन किया और खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान क्रय की तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले धान क्रय केंद्रों के संख्या और धान के एमएसपी कि जानकारी ली। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि 126 क्रय केंद्रों को अनुमोदित किया गया है। बताया कि कॉमन धान का समर्थन मूल्य रू0 2,369/- एवं ग्रेड ए धान का समर्थन मूल्य रू0 2,389/-निर्धारित किया गया है तथा समर्थन मूल्य में गत वर्ष रू0 2,300/- के सापेक्ष रू0 69/- की वृद्धि की गयी है। उन्होंने अवगत कराया कि धान क्रय अवधि 01 नवम्बर, 2025 से 28 फरवरी, 2026 है। जिलाधिकारी ने धान बिक्री हेतु पंजीकृत किसानों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को टेलिकॉलिंग कर पंजीकरण के माध्यम से सूचित करें। उनको अवगत कराएं कि यदि उनके द्वारा www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण के बाद ही धान खरीद की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों पर चेकलिस्ट के अनुसार सभी उपकरण और सुविधाएं क्रय केंद्रों पर उपलब्ध हों। किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान उत्पादन 457.239 मी०टन, उत्पादकता 32.33 कु0/हे० एवं आच्छादन 1.77 लाख /हे० है। गतवर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 हेतु धान उत्पादन 517.630 मी०टन, उत्पादकता 29.08 कु०/हे० एवं आच्छादन 1.77 लाख /हे० था।
गतवर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अन्तर्गत महराजगंज मे धान क्रय हेतु आवंटित लक्ष्य 2,00,000 मी०टन के सापेक्ष 2,29,535.912 मी०टन (114.768 प्रतिशत) की खरीद कुल 42,308 कृषकों से की गयी थी।
जिलाधिकारी ने पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से धान खरीद को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को धान क्रय केंद्रों पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी किसान को असुविधा न होने पाए।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन कार्यालय में कराए गए नवीकरण कार्यों का उद्घाटन किया और कार्यों की प्रशंसा की।
बैठक में एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, डीएसओ ए.पी. सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।